हरियाणा में कांग्रेस सरकार बनते ही ली हुई रिश्वत, व्यापारियों को वापिस दिलाई जाएगी - करण सिंह दलाल

पलवल
कांग्रेस उम्मीदवार तथा पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल ने बुधवार को पलवल हूडा सेक्टर दो, अनाज मंडी, कस्बा मोहल्ला, सब्जी मंडी, रहीमपुर, सुलतापुर, खटका, इंद्रा नगर, कुशक, पीरगढ़ी, सुरजन का नंगला, नाई नंगला, शेखपुरा तथा नई बस्ती सल्लागढ़ में चुनाव प्रचार के लिए लोगों से जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस सरकार बनते ही व्यापारियों से रिश्वत लेकर काम करने वाले अधिकारियों से पैसा वापिस दिलवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि चाहे रिश्वत लेने वाला अधिकारी सेवानिवृत्त हो गया है, फिर भी सरकार बनते ही उससे सारा पैसा वापिस दिलवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में जो गुंडाराज चला हुआ है, उसे खत्म कर इलाके में अमन व शांति बनाई जाएगी। करण सिंह दलाल ने कहा कि आज व्यवस्था परिवर्तन की बेहद जरूरत है। क्योंकि भाजपा सरकार के 10 साल के शासन में इलाके का हर व्यक्ति दुखी है। चारों तरफ लूट मची हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा का कोई भी नेता मंच पर आकर उनसे बहस कर सकता है। भाजपा अपने 10 साल के कार्यों को बताएं। मंच पर बहस करें। केवल धर्म के नाम पर लोगों को बरगलाने से काम नहीं चलेगा। आज जरूरत क्षेत्र के विकास की है। युवाओं को रोजगार देने की है। हालात ये हैं कि युवा बेरोजगार बैठा है। किसानों को समर्थन मूल्य नहीं मिल रहा है और व्यपारी सुरक्षित नहीं है। उन्होंने लोगों से कहा कि कांग्रेस के साथ रहें, हरियाणा में कांग्रेस सरकार बनने जा रही है।